चौरी के कोम में लूट के बाद पीड़ित कारोबारी से बात करते एसपी डॉ. अनिल कुमार। संवाद
- फोटो : BHADOHI
चौरी (भदोही)। थानाक्षेत्र के कोम गांव में शनिवार को बाइक सवार चार बदमाशों ने सराफ को तमंचा सटाकर दिनदहाड़े आठ लाख के गहने, नकदी लूट ली। सूचना पर एसपी डॉ. अनिल कुमार और थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसपी ने पीड़ित से जानकारी ली।समलाकोट निवासी जय कुमार सेठ शनिवार को सुबह 11 बजे घर से बाइक लेकर पल्हैया स्थित दुकान के लिए निकले। जैसे ही वह कोम गांव के हनुमान मंदिर के पास स्थित ब्रेकर के पास पहुंचे, पीछे से आए दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद नकाबपोश बदमाशों ने जय की कनपटी पर असलहा सटाकर बाइक की डिकी में रखे डेढ़ सौ ग्राम सोने के गहने और नकदी लूट ली और पल्हैया की तरफ भागे। पीड़ित ने बदमाशों का पीछा किया लेकिन वे फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक बदमाश आठ लाख के गहने और 60 हजार रुपये लूट ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। एसपी भी पहुंचे। उन्होंने कारोबारी को भरोसा दिलाया कि जल्द बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे। बता दें कि कारोबारी का परिवार चार साल में तीसरी बार लूट का शिकार हुआ है। 16 नवंबर 2018 को जय कुमार का भांजा घर से दुकान के लिए निकला था, तो उसी स्थान पर बदमाशो ने असलहा सटाकर डेढ़ लाख रुपये के आभूषण लूट लिए थे। इसी तरह भतीजा अंकुल भी लूट का शिकार हो गया था। 22 नवंबर 2020 को असलहा सटाकर एक लाख रुपये का आभूषण लेकर बदमाश फरार हो गए थे। अंकुल की भी दुकान पल्हैया में जय कुमार के पास ही है।