वहिदानगर/अभोली। नहर प्रखंड भदोही की ओर से शनिवार की शाम दो मुख्य पंप कैनालों से नहरों के लिए पानी छोड़ दिया है। नहरों में पानी पहुंचते ही धान की नर्सरी डालने का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे खिल उठे। रविवार को तमाम किसान खेतों में पहुंच कर धान के नर्सरी की क्यारी तैयार करने और खेतों की जुताई में जुटे रहे।
जिले के लगभग 60 फीसदी लघु एवं सीमांत किसान मुख्य नहर सहित माइनर की सिंचाई व्यवस्था पर ही निर्भर है। नहरों के पानी नहीं होने के कारण धान की नर्सरी डालने के लिए चिंतित थे। बीते एक सप्ताह से डीघ रहवाहा के सुभाष यादव, बड़ेलाल, मानिकचंद, लालू यादव सहित अन्य नहरों समेत रजवाहा, माइनर में पानी छोड़ने की मांग कर रहे थे। इस बीच अमर उजाला ने भी किसानों के दर्द को समझा और सूखी नहरों को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। अधिकांश किसान खरीफ सीजन के मुख्य फसल धान की रोपाई के लिए मुख्य नहरों में पानी आने का इंतजार कर रहे थे।
शनिवार की देर शाम मुख्य पंप कैनाल से पानी छोड़ा गया है, जो नहरों से होते हुए रजवाहा माइनरों तक पहुंचेगी। इससे किसान की बड़ी समस्या का समाधान हो सकेगा। अधिशासी अभियंता नहर पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि पंप कैनाल में तकनीकी गड़बड़ी के कारण पानी बंद कराया गया था। शनिवार को दिन में गड़बड़ी दूर कराकर देर रात मुख्य नहर में पानी छोड़वा दिया गया है। मुख्य नहर सहित चार सौ किमी तक राजवाहा, माइनर के टेल तक पानी तीन दिन में पहुंच भी जाएगा।
-