ज्ञानपुर। सरपतहां स्थित सौ शय्या अस्पताल की डायलिसिस यूनिट में मशीन खराब होने से 14 किडनी के मरीज दर्द से कराह रहे हैं। यूनिट में एक मशीन 45 दिन से खराब है। जिम्मेदार अनभिज्ञ बने हैं।
मशीन खराब होने से वेटिंग मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। 12 बेड पर 108 मरीजों की डायलिसिस की जा रही है। डायलिसिस यूनिट का संचालन मई 2022 से शुरू हुआ था। यह जिले की पहली डायलिसिस यूनिट है।
संचालन के करीब तीन साल बाद अब धीरे-धीरे मशीनें खराब होनी शुरू हुई हैं। इस समय 90 मरीज जिले के हैं। वहीं अन्य प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर के हैं। 14 मरीज नंबर के लिए प्रतीक्षारत हैं।
एक मरीज का डायलिसिस होने में तीन घंटे का समय लगता है। सुबह आठ से लेकर रात 9 बजे तक डायलिसिस होती है। एक बेड़ पर डायलिसिस प्रक्रिया बंद है। इससे नए मरीज नहीं लिए जा रहे हैं। पुराने मरीजों की डायलिसिस की जा रही है।
मशीन खराब होने से मरीजों को वाराणसी और प्रयागराज जाना पड़ रहा है। इस कारण मरीजों को परेशानी हो रही है।