प्रधानमंत्री आवास और मुख्यमंत्री आवास ( ग्रामीण) योजना के 10 लाभार्थियों को बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आवास की चाबी सौंपी गई। इस दौरान नए घर की चाबी मिलने पर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी छा गई। इस मौके पर सांसद रमेश चंद्र बिंद, विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी और दीनानाथ भाष्कर संग डीएम आर्यका अखौरी ने मुख्यमंत्री आवास योजना में पांच और प्रधानमंत्री आवास योजना में पांच लाभार्थियों को घर की चाबी दी। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री का सपना था की देश के प्रत्येक आवास विहीन व्यक्ति के सर पर छत होनी चाहिए। कहा कि उन्हीं की प्रेरणा और प्रयास से आज उनका सपना साकार हो रहा है। हर जरूरतमंदों तक योजना का लाभ पहुंचाया जा रहा है। आवास संग लाभार्थियों को शौचालय, उज्ज्वला योजना में गैस कनेक्शन, सौभाग्य योजना में बिजली कनेक्शन, आयुष्मान योजना में गोल्डन कार्ड आदि की सुविधा दी जा रही है। मुख्यमंत्री आवास के लाभार्थियों में सरिता देवी पत्नी राजू, फोटो देवी पत्नी बनवारी, लालजी पत्नी बरसाती, माधुरी देवी पत्नी राजेंद्र प्रसाद, प्रमिला देवी पत्नी संजय जबकि पीएम आवास में जितेंद्र पुत्र बसंत लाल, निर्मला, अमृत लाल, हीरावती देवी, बन्नी देवी शामिल रहीं। इस अवसर पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह, पीडी मनोज राय आदि अधिकारी मौजूद रहे।