भदोही। सपा विधायक जाहिद बेग ने लखनऊ में विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान शनिवार को भदोही की उपेक्षा का सवाल उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री को स्लोगन लिखी तख्तियां दिखाई और कहा कि भाजपा हर मामले में भदोही की उपेक्षा कर रही है। इसका खामियाना उसे भुगतना पड़ेगा।
सदन में विधायक ने कहा कि भदोही जनपदवासी समस्याओं से जूझ रहे हैं। सड़क यातायात, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि रोडवेज बस स्टैंड को बसें नहीं दे पा रही है सरकार, अस्पतालों में दवाएं नहीं हैं तो कई विद्यालयों के भवन अधूरे रोक दिए गए हैं। उन्होंने कारपेट एक्सपो मार्ट के बारे में कहा कि मुख्यमंत्री खुद शुभारंभ कर आए लेकिन वहां कालीन मेला नहीं लगवा पा रहे हैं। जबकि उसका निर्माण सपा सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कराया था। विधायक ने बारिश में भदोही की प्रमुख सड़कों के डूब जाने की भी बात कही और तत्काल जलनिकासी प्लान को स्वीकृत करने की मांग की। शनिवार को ही उन्होंने कई कार्यों के लिए ज्ञापन सौंपकर लंबित परियोजनाओं को तत्काल पूरा कराने की सरकार से मांग की। विधायक ने टेलीफोन पर बताया कि विधान सभा अध्यक्ष ने उनकी मांगों को विधान सभा की कार्रवाई रजिस्टर में दर्ज करने का आश्वासन दिया।