ज्ञानपुर। दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड में जिले के महजूदा के ग्राम प्रधान को आमंत्रित किया गया है। ग्राम प्रधान अकेले नहीं बल्कि अपने जीवन साथी के साथ परेड देख सकते हैं। ग्राम प्रधान को यह उपलब्धि, उनके कार्यों के आधार पर मिली है।
सुरियावां ब्लॉक के महजूदा के ग्राम प्रधान राजमणि पांडेय को इसके लिए पत्र मिल गया है। ग्राम प्रधान को इसलिए वहां जाने का मौका मिला है कि केंद्र सरकार की चिन्हित 10 योजनाओं में कम से कम छह का लाभ ग्राम पंचायत के 90 फीसदी लोगों को मिल रहा है।
गांव में आधुनिक ग्राम पंचायत सचिवालय का निर्माण, इंटरलाॅकिंग सड़क, नाली, आरआरसी सेंटर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, एनपीआरसी मरम्मत, विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत निर्माण कार्य, समुचित पेयजल की व्यवस्था, पात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का लक्ष्य प्राप्त किया हैं।
ग्राम प्रधान राजमणि पांडेय ने कहा कि परेड में शामिल होना गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि दिल्ली से उन्हें सपरिवार आमंत्रण के साथ जाने और आने के लिए एसी कोच का किराया मिलेगा। गांव में बेहतर विकास के लिए चयन हुआ है।