पहले दिन भदोही ब्लाक के छह वार्डों में से तीन वार्ड के प्रत्याशियों की जांच में सभी पर्चे वैध पाए गए। अब शेष तीन वार्ड के प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच बृहस्पतिवार को होगी।
इसके बाद वैध और अवैध पर्चों की घोषणा की जाएगी। नामांकन पत्रों की जांच के बाद नाम वापसी की प्रक्रिया शुरू होगी।
भदोही ब्लाक क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य की कुल छह सीटें हैं। इसमें पहले चरण में मतदान होना है। सोमवार और मंगलवार को इन छह वार्डों के प्रत्याशियों ने दलबल संग नामांकन दाखिल किया।
इसके बाद दो दिन नामांकन पत्रों की जांच के लिए निर्धारित किए गए। पहले दिन पांच दर्जन से अधिक प्रत्याशियों के पर्चों की जांच की गई।
चुनाव अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी हरिलाल यादव की अध्यक्षता में कमेटी नामांकन पत्रों की जांच कर रही है। नामांकन पत्र जांच के दौरान प्रत्याशी अपने सूत्रों से इसकी खबर लेते रहे।
कहीं नामांकन खारिज न हो जाए, इसके लिए वे मुख्यालय के इर्द-गिर्द मंडराते नजर आए। सहायक निर्वाचन अधिकारी लालजी यादव ने बताया कि बुधवार को भदोही ब्लाक के तीन वार्डों के नामांकन पत्रों की जांच हुई। लगभग सभी पर्चे सही पाए गए हैं। इसकी अंतिम जानकारी सभी वार्ड के प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच के बाद ही मिल सकेगी।