गोपीगंज। नगर के ऐतिहासिक व प्राचीन भरत मिलाप शुक्रवार को सम्पन्न हो गया। चारों भाइयों के मिलन की साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या मौजूद रही। राम व भरत का मिलन देख उपस्थित लोगों के नयन सजल हो गए। भरत मिलाप मेले को लेकर नगर के राष्ट्रीय राजमार्ग, बड़ा चौराहे पर रंग-बिरंगी लाइटे, सुगंधित पुष्पों से मंच सजाया गया। मंच पर देर रात माता सीता, प्रभु श्री राम, लक्ष्मण स्वरूप के साथ भरत और शत्रुघ्न का मिलन सम्पन्न हुआ। मिलन होते ही पूरा परिसर जयकारे से गूंज गया। इसके उपरांत नगर में लाग विमान भी निकाले गए।
नगर में श्रीराम लीला समिति गोपीगंज, बघेल परिवार के साथ नवयुवक दल के तत्वावधान में पूर्व की भांति भरत मिलाप मेला व राज्याभिषेक का आयोजन किया गया। भरत मिलाप में चारों भाइयों के मिलन के उपरांत मौजूद भारी भीड़ के बीच से पुष्प वर्षा होने लगी और जय श्री राम के जयकारे से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। कई दर्जन आकर्षक लाग विमान का प्रदर्शन किया गया। मेले को लेकर पूरे नगर की आकर्षक सजावट कराई गई थी। रामलीला मैदान के साथ नगर में जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। भीड़ को देखते हुए नगर मे राष्ट्रीय राजमार्ग पर छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था। वाराणसी-प्रयागराज की ओर आने जाने वाले वाहनो को नियंत्रित कर ओवरब्रिज से आने जाने की अनुमति दी गई थी। मेले मे होने वाली भीड़ को देखते हुए जहां सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई थी। मेले में एडिशनल एसपी राजेश भारती, क्षेत्राधिकारी प्रभात राय, कोतवाल सदानंन्द सिंह, इंस्पेक्टर बृजेश सिंह, इंस्पेक्टर अरुण दुबे, चौकी प्रभारी प्रवीण ओझा सुरक्षा की कमान संभाले हुए थे। इस दौरान भिखारी अग्रवाल, प्रमोद अग्रवाल, कल्लू अग्रवाल, संजू जॉयसवाल, शिवशंकर गुप्ता, उमेश बघेल, राधे बघेल, पालिका अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, कालीन निर्यातक भाजपा नेता बृजेश गुप्ता, अखिलेन्द्र बघेल मौजूद रहे।
-
इनसेट:
विसर्जित की गई मां की प्रतिमा:
गोपीगंज। शारदीय नवरात्र में नगर का चर्चित ऐतिहसिक पूजा पंडाल में स्थापित आदि शक्ति मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन शुक्रवार को किया गया। जय माता दी के उद्घोष के बीच भक्तों, श्रद्धालुओ ने अश्रु पूरित नयनों से मां को विदाई दी। नगर के काली महाल में मां सिंह वाहिनी श्रृंगार समिति शिवम क्लब ने पंडाल में मां की प्रतिमा स्थापित की थी। प्रतिमा का विसर्जन हनुमान गढ़ी तालाब में किया गया। इस मौके पर रामकृष्ण खट्टू, मोहित उमर, शनि गुप्ता, जुगनू, सुनील दुबे मौजूद रहे।