ज्ञानपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय ने सोमवार को जिले के ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा एवं रख-रखाव संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने वेयरहाउस में स्थापित अग्निशमन यंत्रों की वैधता अवधि की जांच की।
सभी उपकरणों को निर्धारित मानकों के अनुरूप क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का परीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ईवीएम/वीवीपैट की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।