ज्ञानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा खत्म होते ही माध्यमिक शिक्षा परिषद मूल्यांकन की तैयारी में जुट गया है। 20 अप्रैल के बाद संभावित मूल्यांकन के लिए परीक्षकों की तैनाती को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार परीक्षक भी ऑनलाइन लगेंगे। इसके लिए कॉलेज संचालकों को शिक्षकों का ऑनलाइन डाटा अपडेट करने का निर्देश दिया गया है, लेकिन 183 में 151 कॉलेजों ने जरूरी सूचनाएं अपडेट नहीं की। जिले में 24 मार्च से 12 अप्रैल तक हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा हुई। रिजल्ट घोषित करने में देरी न हो, इसके लिए जल्द ही उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है। मूल्यांकन के लिए विषयवार शिक्षक नियुक्त किए जाने हैं। इसे लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आए निर्देश के बाद डीआईओएस ने कॉलेज संचालकों को शिक्षक-शिक्षिकाओं का डाटा परिषद की वेबसाइट पर अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि शिक्षक का नाम, पदनाम, शैक्षिक योग्यता, विषय आदि के विवरण की जांच कर परिषद की वेबसाइट पर 14 अप्रैल की मध्यरात्रि 12 बजे तक अपलोड कर दें। जिन शिक्षकों के विवरण छूट गए हों, उन्हें भी इसमें जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन स्कूल-कॉलेजों के प्रबंधकों की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। अब तक 183 स्कूलों में मात्र 32 ने ही जरूरी सूचनाएं अपडेट की हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक एनएल गुप्ता ने कहा कि परिषद परीक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन लगाएगा। दो से तीन दिन में परीक्षकों के नाम तय हो जाएंगे। उन्होंने चेताया कि जिन स्कूलों ने शिक्षकों की जुड़ी सूचनाएं आनलाइन अपडेट नहीं की, वे कर दें, अन्यथा कार्रवाई होगी।