जिले के मौसम में दो सप्ताह से उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। दिन में तीखी धूप हो रही है। रात में लोगों को सिहरन का अहसास हो रहा है। दिन और रात के तापमान में करीब 20 डिग्री सेल्सियस का अंतर देखने को मिल रहा है। मौसम में उतार-चढ़ाव से लोगों की सेहत पर भी बुरा असर पड़ रहा है। मंगलवार को दिन का तापमान 36.4 डिग्री और रात का तापमान 15.9 डिग्री रहा।
जिले में बीते कई दिनों से दिन में तीखी धूप से लोग परेशान है। दोपहर में लोग घर से बाहर नहीं निकल रहे हैं। सुबह नौ बजे ही धूप लोगों को चूभने लग रही है। मंगलवार को दोपहर में तीखी धूप के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। राहगीर सिर को गमछे से ढंककर निकले। तीखी धूप का असर शाम चार बजे तक महसूस हो रहा है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट हो रहा है। सूर्यास्त के सिहरन बढ़ जा रही है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि यह मौसम सेहत और फसल के दृष्टिकोण से सही नहीं है। बताया कि तीन दिनों तक दिन का तापमान ज्यादा रहेगा। उन्होंने बूंदाबांदी की आशंका भी जताई है। बताया कि मंगलवार को दिन का तापमान 36.4 डिग्री और रात का तापमान 15.9 डिग्री दर्ज किया गया।