ऊंज। थानाक्षेत्र के सुधवैं गांव में बृहस्पतिवार की रात विवाहिता मधु (24) पत्नी विकास का शव साड़ी के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए कमरे को सील कर दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
गोपीगंज के शुकुलपुर डेहरिया गांव निवासी लालू बिंद ने साल 2021 में बेटी मधु की शादी सुधवैं गांव निवासी नागेंद्र बिंद के बेटे विकास के साथ की थी। शादी के बाद दोनों को एक बेटी भी हुई। परिवार वालों के मुताबिक प्रतिदिन की तरह मधु खाना आदि खाकर अपने कमरे में सोने चली गई। विकास घर के बाहर बरामदे में ही सो गया।
सुबह जब मधु को बुलाया गया तो कमरे से आवाज नहीं आई। खिड़की से झांककर देखा तो वह फंदे से लटक रही थी। मधु की मौत कैसे हुई यह स्पष्ट नहीं हो सका है। सूचान पर थाना प्रभारी राजेश प्रताप सिंह गांव में पहुंचे। शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उन्होंने बताया कि कमरे को सील कर दिया गया है। मृतका के भाई की तहरीर पर जांच की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।