भदोही के पालिका कार्यालय के सामने युवती से छेड़खानी करने के आरोपी और भदोही विधायक जाहिद बेग के भतीजे को मंगलवार को पुलिस ने जेल भेज दिया। इससे पूर्व उसे एसीजेएम परवेज के न्यायालय में पेश किया गया था। सोमवार की रात पुलिस ने उसे नाटकीय ढंग से गिरफ्तार किया था।
गत शुक्रवार की शाम नौकरीपेशा एक युवती से आरोपी शादाब बेग ने छेड़खानी की थी। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज किया था, लेकिन तीन दिनों तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। हाईप्रोफाइल मामला होने के कारण पुलिस फूंक-फूंककर कदम रख रही थी। सोमवार की शाम विधायक जाहिद बेग के मुंबई से लौटते ही पुलिस ने उसे नाटकीय ढंग से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जहां चौरी से उसकी गिरफ्तारी का दावा कर रही थी वहीं चर्चा रही कि विधायक ने खुद ही उसे पुलिस के सुपुर्द कराया था। मंगलवार को दोपहर में आरोपी को एसीजेएम की अदालत में पेश किया गया। उन्होंने पुलिस अभिरक्षा में उसे जेल भेज दिया।