ज्ञानपुर में सुबह घने कोहरे के बीच जाते लोग। संवाद
ज्ञानपुर। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी होने के कारण जनपद में इस साल ठंड ने बीते चार सालों का रिकॉर्ड तोड़ा है। 31 दिसंबर की रात बीते चार साल में सबसे सर्द रात रही। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर का औसत अधिकतम तापमान 23.8 और न्यूतनम तापमान 12.1 डिग्री रहता है। इस साल दिसंबर महीने में न्यूनतम तापमान औसत से लगभग चार डिग्री तो वहीं अधिकतम तापमान औसत से करीब छह डिग्री कम रहा। इस साल दिसंबर में अधिकतम औसत तापमान 18.4 और न्यूनतम औसत तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस रहा।
बुधवार को भी दोपहर तक घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता सिर्फ दो मीटर रही। आंकड़ों पर गौर करें तो इस साल दिसंबर का अंतिम सप्ताह बीते चार सालों में सबसे ज्यादा ठंडा रहा है।