लालानगर। जिले के सातों नगरीय इलाकों की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। पुलिस व यातायात विभाग की ओर से चलाए जाने वाले संयुक्त अभियान की शुरूआत एक अप्रैल से होगी। सड़कों पर अतिक्रमण से नगरों में आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। इस कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। इस बार अतिक्रमण हटाए जाने के बाद दोबारा अतिक्रमण करने पर संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।
जिले के नगरीय क्षेत्रों की पटरियों पर इस समय दुकानदार खूब अतिक्रमण किए हैं। स्थिति यह हो गई है कि अतिक्रमण के कारण सड़कें सिकुड़ के आठ से 10 फीट की हो गई हैं। दुकानदार पटरियों पर कब्जा जमाए हैं। वहीं, ठेले-खोमचे वाले सड़कों पर कब्जा कर रखे हैं। इससे आए दिन जाम लगता है और दुर्घटनाएं भी होती हैं। इसका खामियाजा आम जनता और व्यापारी वर्ग को भुगतना पड़ता है, जो अपनी दुकानें दायरे में लगाता है। इसको लेकर कई बार पुलिस, यातायात और परिवहन विभाग की टीम कार्रवाई कर चुकी है। कुछ ही दिन में दोबारा अतिक्रमण हो जाता है। अब एक बार फिर से पुलिस व यातायात विभाग की टीम ने 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। गोपीगंज, सुरियावां, ज्ञानपुर और भदोही बाजार में आए दिन जाम की समस्या से राहगीरों को परेशानी होती है। गोपीगंज नगर में तो ज्ञानपुर मोड़, मिर्जापुर तिराहा, काली देवी रोड़, खड़हट्टी मोहाल, स्टेशन रोड़, पुलिस चौकी के पास और सुरियावां के नेता नगर, अटल चौराहा, कस्तुरीपुर मोड़, स्टेशन रोड़, गल्ला मंडी रोड़ के दोनों पटरियों पर दुकानें लगती हैं। यही हाल खमरिया के मंडी चौराहा, मुख्य बाजार, भदोही के स्टेशन रोड़, रजपुरा चौराहा, तहसील रोड़ आदि स्थानों पर पटरी के किनारे ठेला, खोमचा वाले अपनी दुकाने लगाते हैं।
हर तीन से चार महीने पर चलता है अभियान
जिले में हर तीन से चार महीने पर अभियान चलाया जाता है। अतिक्रमण कारियों को हटाया जाता है। अभियान बीतने के चार दिन बाद फिर से दुकानें सज जाती हैं। दूसरी तरफ नगरों में पड़े वेडिंग जोन खाली पड़े रहते हैं। पटरियों पर दोबारा दुकानें जमने से अभियान का असर नहीं रहता है। फिर से जाम का झाम बढ़ने लगता है।
राजमार्ग की सड़कों से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। दुकानदारों को वेडिंग जोन में भेजा जाएगा। वाहनों की चेकिंग भी की जाएगी। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह अभियान चलाया जाएगा। -
राकेश कुमार सिंह, यातायात प्रभारी