इससे राहगीरों और व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कच्छप गति से लोग वाहनों संग बढ़ते दिखे।
ज्ञानपुर नगर के राजा पार्क के पास गोपीगंज-भदोही मार्ग पर नाला निर्माण के लिए सड़क की खुदाई की गई, जबकि दुर्गागंज त्रिमुहानी से मुख्यालय मार्ग पर सीसी रोड का निर्माण चल रहा है।
इससे भदोही से गोपीगंज और गोपीगंज से भदोही, मुख्यालय जाने वाले वाहनों, राहगीरों को जाम से जूझना पड़ा। शुक्रवार को सुबह 10 बजे से हरिहरनाथ मंदिर से लेकर दुर्गागंज तिराहा और गोयल गली से लेकर नथईपुर तिराहे तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति बिगड़ते देख यातायात और कोतवाली पुलिस के कई सिपाही मौके पर पहुंच गए।
घंटो मशक्कत के बाद वाहनों को आगे बढ़ाया गया, लेकिन नाला निर्माण स्थल पर जगह कम होने से पूरे दिन जाम की समस्या बनी रही। तहसील रोड और भदोही की ओर से आने वाले वाहन मुख्यालय जाने के लिए गोयल गली का सहारा लिए, लेकिन वहां गली संकरी होने से स्थिति बिगड़ गई और वाहन जहां-तहां खड़े हो गए।
इससे दूर-दराज जाने वाले लोगों के अलावा नगर के व्यापारी काफी परेशान दिखे। जाम के चलते वाहनों से निकलने वाले धुआं आदि से भी लोग परेशान रहे। स्कूल वाहन जाम में फंसने से बच्चों को एक से दो घंटे तक परेशान होना पड़ा। बेतरतीब पार्किंग और अनियंत्रित ट्रैफिक नगर क्षेत्र में जाम की समस्या का सबब बने रहते हैं।