घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ की और सड़क पर जाम लगा दिया। कार का चालक फरार हो गया, वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
वेदपुर गांव निवासी मालती देवी (45) पत्नी स्व. योगेंद्र प्रसाद गुप्ता का घर सड़क के किनारे है। प्रतिदिन की तरह वह घर के बरामदे में सोई हुई थी। बुधवार को भोर में भदोही से ज्ञानपुर की ओर जा रही कार अनियंत्रित होकर घर में घुस गई।
इससे मालती देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी आरती (22) गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोग आरती को जिला अस्पताल लेकर गए। हालत चिंताजनक होने पर डाक्टरों ने रेफर कर दिया।
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने कार में तोड़फोड़ करते हुए चक्काजाम भी किया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराया।
पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया और कार को कोतवाली उठवा लाई। उधर हादसे के बाद कार चालक सहित अन्य लोग कार छोड़कर भाग गए। महिला के दो बेटे और सात बेटियां हैं।
तीन बेटियां और एक बेटे की शादी कर चुकी है। 25 मई को दूसरे बेटे की शादी पड़ी थी। पति की मौत के बाद वह परिवार की मुखिया थी। अचानक मौत से परिवार वालों पर मानो पहाड़ टूट पड़ा है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के चलते ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग की।