कंपोजिट विद्यालय भिदिउरा का निरीक्षण करते अफसरों को हिदायत देते डीएम शैलेष कुमार। स्रोत सुचना व
ज्ञानपुर। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने सोमवार को भिदिउरा स्थित मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण में कमी मिलने पर टीम गठित करके जांच के निर्देश दिए। एमडीएम शेड का निर्माण भी संतोषजनक नहीं मिला। इसको लेकर नाराजगी जताई। डीएम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कुछ कमरों में डाली गई बीम अत्यधिक भारी है, जिसे ईंट के कॉलम से सपोर्ट दिया गया है। इस पर गंभीरता जताते हुए डीएम ने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को निर्देशित किया कि जांच समिति गठित करके भवन की स्ट्रक्चरल स्ट्रेंथ की जांच कराकर रिपोर्ट दें। कार्यदायी संस्था सीएलडीएफ के सहायक अभियंता ने बताया कि परियोजना की लागत एक करोड़ 31 लाख है। शासन से एक करोड़ 21 लाख मिल चुका है। अब तक 60 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। परियोजना को जून 2026 तक पूर्ण करके हैंडओवर किया जाएगा। परियोजना में कंपोजिट विद्यालय भवन (साइंस लैब, लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब), दिव्यांग शौचालय, गार्ड रूम, एमडीएम शेड, हैंडवॉश यूनिट, बाउंड्रीवॉल, पोषण वाटिका एवं पुराने भवन की मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। कार्यदायी संस्था को समय से काम पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद डीएम भिदिउरा गांव के पंचायत भवन पहुंचे। यहां फॉर्मर रजिस्ट्री काम का अवलोकन किया। इस मौके पर सीडीओ बाल गोविंद शुक्ला, बीएसए शिवम पांडेय, उप कृषि निदेशक डॉ. अश्वनी कुमार सिंह आदि रहे।