निर्णायक मंडल के अवलोकन के बाद माध्यमिक और परिषदीय के 238 माडलों में से सोलर साइकिल, जल संरक्षण और बायोगैस प्लांट के मॉडल समेत 14 मॉडलों का चयन कर पुरस्कृत किया गया।
विभूति नारायण राजकीय इंटर कालेज में छह कक्षों में चल रही प्रदर्शनी का मंगलवार को दोपहर बाद निर्णायक मंडल में शामिल डा. कमाल अहमद सिद्दीकी सहित चार सदस्यों की टीम ने अवलोकन किया।
इसमें शिवम मोदनवाल, विकास पांडेय, प्रकाश सिंह, सृष्टि, समीक्षा, आशुतोष श्रीवास्तव, पवन कुमार तिवारी, आयुष गुप्ता, आकांक्षा, हिमांशु, अनूप द्विवेदी, शिवांक तिवारी, राहुल मौर्य और ज्योति पांडेय के माडल को अव्वल पाया गया।
प्रदर्शनी में राजकीय हाईस्कूल के होनहारों ने परचम लहराया। राजकीय हाईस्कूल पाली, राजकीय हाईस्कूल चकमानधाता, राजकीय बालिका इंटर कालेज जगन्नाथपुर की छात्राएं आकर्षक माडल के चलते अव्वल 14 में शामिल हुईं।
समापन समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने छात्र-छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए मेहनत से पढ़ाई करने के लिए कहा। प्रधानाचार्य शिवेंद्र प्रताप सिंह ने अतिथियों और सहयोगियों का आभार जताया। इस मौके पर प्रेमचंद्र यादव, पारसराम, सरोज गुप्ता सहित कई लोग मौजूद रहे।