जंगीगंज। महर्षि शिवव्रत लाल इंटरमीडिएट कॉलेज, राधास्वामी धाम में आयोजित 31वीं जनपदीय स्काउट-गाइड प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया। मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ला और जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान ने प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिता में कुल 31 टीमों ने प्रतिभाग किया।
अंतिम दिन विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामाजिक जागरूकता से जुड़ी झांकियां निकालीं। इनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, छोटा परिवार सुखी परिवार, छठ पूजा, जनसंख्या विस्फोट, पुलवामा हमला, नशा नाश की जड़ है और जय जवान-जय किसान समेत अन्य विषयों पर संदेश दिए गए। अतिथियों ने विद्यार्थियों के शिविरों का निरीक्षण कर उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने शिविरों में स्काउट विद्यार्थियों द्वारा तैयार व्यंजनों का स्वाद भी लिया।
सीडीओ ने कहा कि जीवन महत्वपूर्ण होने के साथ संघर्षपूर्ण भी है। आगे बढ़ने के लिए अनुशासन एक मजबूत स्तंभ है। डीआईओएस ने कहा कि पिछले वर्ष प्रदेश में भदोही जनपद तीसरे स्थान पर रहा था। उम्मीद है कि इस बार जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करेगा।
इस मौके पर भाजपा नेता कुंवर प्रमोद चंद मौर्या, कृपा शंकर पांडेय, अशोक कुमार, कमलेश पाण्डेय, रजनीश पांडेय, फूल चंद यादव और बाबू लाल गुप्त आदि मौजूद रहे। प्रधानाचार्य सुशील कुमार मिश्रा ने स्वागत और आभार व्यक्त किया। संचालन अजय पांडेय ने किया।
प्रतियोगिता में ये रहे विजेता
गाइड वर्ग में ब्लॉक एवं बेसिक स्तर पर कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर चौथार, पब्लिक स्कूल ग्रुप में केपी मेमोरियल सर्रोई, जूनियर तहसील स्तर पर भारती इंटर कॉलेज परसीपुर, तहसील सीनियर में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज औराई, नगर जूनियर में सर्वोदय बालिका इंटर कॉलेज खेड़ा परसपुर और नगर सीनियर में जिला पंचायत ज्ञानपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
स्काउट वर्ग में कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर चौथार, पब्लिक स्कूल ग्रुप में कैब्रिज स्कूल गोपीगंज, तहसील जूनियर में भारतीय इंटर कॉलेज परसीपुर और श्रीगणेश प्रसाद इंटर कॉलेज बरवां, नगर जूनियर में वीएनजीआईसी ज्ञानपुर तथा सीनियर में इन्द्र बहादुर नेशनल इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।