काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को छात्रसंघ का उद्घाटन में विधायक विजय मिश्र ने 20 लाख की सौगात दी। इस धनराशि से चार सौ फीट पानी का सोलर पंप, प्रैक्टिकल उपकरण, केमिकल की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही पांच हैंडपंप, दो सोलर लाइटें लगेंगी। इसके अलावा प्रतियोगी समेत अन्य परीक्षाओं की तैयारी करने वाले गरीब छात्रों को खुली मदद देने का आह्वान किया। लाइब्रेरी को लेकर अवगत कराने पर विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है, इसकी जांच हो रही है। शीघ्र ही लाइब्रेरी और लाइब्रेरियन की कमी दूर की जाएगी।
विधायक ने बसपा के मंत्रियों पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि बसपा सरकार में शिक्षकों को मंत्रियों को जेब भरने के लिए अपमान झेलना पड़ा। रिश्तेदारों के प्रकाशन की किताबें भेजकर घोटाला किया गया। छात्रों की कॉशन मनी के पैसे को निकाला गया। इसके अलावा बसपा के मंत्री ने केमिकल के नाम पर पैसे घोटाला किया। ऐसे कार्य सपा सरकार में बर्दाश्त नहीं हैं। इसके पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अमन शुक्ला समेत पदाधिकारियों ने 51 किलो का माला पहनाकर विधायक का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. एके वर्मा ने की। संचालन डॉ. कमाल अहमद सिद्दीकी और डॉ. भारतेंदु द्विवेदी ने किया। इस मौके पर महामंत्री प्रकाश यादव, राजितराम यादव, डॉ. सविता भरद्वाज, डॉ. चंद्रप्रकाश, दिवाकर शुक्ला, शशिचंद्र मिश्र, सभासद अकरम मल्ले, चेयरमैन हीरालाल मौर्य, घनश्यामदास गुप्ता, शिवम शुक्ला, सूरज कुमार, अजीत पांडेय आदि छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। इस दौरान गायक राजेश परदेशी गीतों को लोगों ने सराहा।