उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से तीन और चार जून को होने वाली टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक) परीक्षा की तैयारी पूर्ण कर ली गई। मंगलवार शाम तक परीक्षा केंद्रो पर डेस्क स्लिप लगाने से लेकर अन्य काम कर लिया गया। बुधवार और बृहस्पतिवार को दो-दो पालियों में होने वाली परीक्षा में कुल 8220 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
टीजीटी परीक्षा के लिए काशी नरेश राज्य विश्वविद्यालय में दो, विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलॅेज ज्ञानपुर, श्री इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज, एमए समद इंटर कॉलेज भदोही को केंद्र बनाया गया है। तीन और चार जून को पहली पाली में सुबह सुबह साढ़े नौ से 11.30 बजे और दूसरी पाली में ढाई बजे से साढ़े चार बजे तक परीक्षा होगी।
इसमें 8220 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए छह सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्राध्यक्ष समेत अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक की ड्यूटी लगाई गई है। सभी केंद्रो पर एनआईसी के कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी।
डीआईओएस अंशुमान ने बताया कि टीजीटी परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। अभ्यर्थियों को सुबह आठ बजे जांच के बाद प्रवेश दिलाया जाएगा। वहीं दूसरी ओर विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज समेत अन्य केंद्रो में परीक्षा की पूर्व संध्या पर कक्ष निरीक्षकों को पारदर्शी परीक्षा कराने की जानकारी दी गई।