ज्ञानपुर। जिले में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। दो से चार जुलाई तक चलने वाली परीक्षा पर सीधे कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी। इसके लिए मंगलवार को सभी सात केंद्रों को एनआईसी के कंट्रोल रूम से जोड़ दिया गया है। साथ ही प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक, एक सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पर्यवेक्षक की तैनाती की गई है। परीक्षा में कुल 15,360 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रत्येक पाली में 3072 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।
जिले में दो से चार जुलाई तक शिक्षक पात्रता परीक्षा होनी है। पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की तरफ से एक सप्ताह से तैयारी की जा रही है। सभी केंद्रों के लिए एक स्टेटिक, एक सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पर्यवेक्षक की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी अफसर केंद्रों पर पहुंच जाएंगे।
परीक्षा के लिए काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय ज्ञानपुर (दो केंद्र), विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज, ज्ञानपुर, जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज ज्ञानपुर, गुलाबधर मिश्र इंटर कॉलेज, गोपीगंज, एमए समद इंटर कॉलेज भदोही और श्रीइंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज भदोही को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा दो व तीन जुलाई को दो-दो पालियों और चार जुलाई को एक पाली में होगी।
प्रत्येक पाली में 3072 अभ्यर्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे। परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार को सभी केंद्रों पर डेस्क स्लिप लगाई जाएगी। सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय कर दिया गया है और उन्हें एनआईसी के कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। इससे परीक्षा केंद्रों की की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी।
200 मीटर के दायरे में फोटोकॉपी की दुकानें बंद रहेंगी
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्र और परिसर में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने प्रतिबंध रहेगा। वहीं, केंद्रों से 200 मीटर की परिधि में फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। जिले में निषेधाज्ञा लागू रहेगी। प्रश्नपत्रों को कलेक्ट्रेट स्थित कोषागार के डबल लॉक में रखा गया है। वहां से एक घंटे पहले परीक्षा केंद्रों पर अफसरों की निगरानी में प्रश्नपत्र पहुंचेंगे।
वर्जन-
परीक्षा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय कर एनआईसी के कंट्रोल रूम से जोड़ दिया गया है। दो से चार जुलाई तक परीक्षा चलेगी। - अंशुमान, डीआईओएस।