भदोही। भदोही नगर पालिका परिषद द्वारा निर्माण कार्य कराने के बाद प्रकाशित कराए गए टेंडरों को जिला प्रशासन ने निरस्त कर दिया है। मामला संज्ञान में आने के बाद जिलाधिकारी गौरांग राठी ने अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य से मामले की जांच के आदेश दिए थे। जांचोपरांत एडीएम ने अखबार मे प्रकाशित टेंडरों के निरस्त करने के आदेश दिया। इस कार्रवाई के बाद नगर पालिका कार्यालय में खलबली मची हुई है।
पिछले दिनों नगर पालिका द्वारा निकलवाया गया एक ऐसा टेंडर चर्चा का विषय बन गया। जिसका निर्माण कार्य बीते साल अक्तबर माह में ही पूरा कर लिया गया था। उन्हीं निर्माण कार्यों के लिए नगर पालिका प्रशासन ने 74 लाख रुपये की निविदा निकाली। समाचार पत्र में निविदा प्रकाशित होते ही पालिका ठेकेदारों में खुसर-फुसर शुरू हो गई। जिसके बाद इसकी पोल खुल गई। मामला संज्ञान में आते ही जिला प्रशासन भी गंभीर हो गया। जिलाधिकारी ने प्रकरण को लेकर एडीएम वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेन्द्र मौर्य को जांच सौंपी। एडीएम ने इसको लेकर ईओ को नोटिस भी जारी किया। नोटिस का जवाब तर्क संगत नहीं मिलने पर एडीएम ने निविदा निरस्त कर दी। एडीएम कुंवर वीरेन्द्र मौर्य ने बताया कि नगर पालिका में काम के बाद निविदा निकाले जाने का मामला प्रकाश में आया था। जिसके बाद प्रकरण की जांच कराई गई। वहीं ईओ रविशंकर शुक्ला को नोटिस भी जारी किया गया था। नोटिस का जवाब तर्कसंगत न मिलने पर निविदा निरस्त कर दी गई है।