भिदिउरा गांव में गेहूं की कटाई करते किसान। संवाद
ज्ञानपुर। जनपद में बीते तीन दिन से लगातार तापमान बढ़ रहा है। अप्रैल महीने का दूसरा रविवार इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। बेजवां स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के डॉ. विश्वेंदु द्विवेदी ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो शनिवार की अपेक्षा 2.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। पछुआ हवा 18 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली। दोपहर में लू के थपेड़ों से बदन झुलसने लगे हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है।