अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के कारण पूर्वांचल के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदला है। बुधवार को जिले में 6 डिग्री गिरकर अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। बुधवार को दिन में तापमान 31.9 डिग्री और रात में तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई। किसान सुबह से ही खेतों में गेहूं, सरसों की फसल की कटाई-मड़ाई करते दिखे।
जिले में दो सप्ताह से लगातार मौसम उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार निचले क्षोभमंडलीय स्तरों में अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के चलते मौसम में बदलाव हुआ है।
जनपद में करीब 50 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की खेती की गई है। बुधवार सुबह मौसम का मिजाज देखकर किसानों की चिंता बढ़ गई। जगापुर, बिरनई, बड़ागांव, देईपुर, चौरी कला, अर्जुनपुर, कुरमैचा, जगापुर, सांसारापुर, भिडिऊरा आदि गांवों में किसान खेत में फसलों की कटाई- मड़ाई में जुटे रहे।
मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को मौसम साफ रहेगा। कृषि विशेषज्ञ डॉ. आरपी चौधरी ने कहा कि बारिश होने पर फसल का उत्पादन भी 10 से 20 फीसदी कम हो जाएगा।