ज्ञानपुर जिला अस्पताल में आंख चेक करते चिकित्सक। संवाद
ज्ञानपुर। इन दिनों सरसों और गेहूं की फसलों की कटाई-मंडाई का सीजन है। फसलों की कटाई-मड़ाई से निकलने वाले धूल और बारीक कण काम के दौरान किसानों की आंखों में चले जा रहे हैं। इस कारण उनकी आंखों में जलन, चुभन, लालिमा सहित अन्य तरह के इंफेक्शन हो रहे हैं। जिला अस्पताल में नेत्र विभाग की ओपीडी इन दिनों मरीजों की संख्या 100 पार कर गई है। डॉक्टर किसानों को कटाई-मड़ाई के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में बृहस्पतिवार को 792 मरीज ओपीडी में आए। इसमें 116 मरीज आंखों की समस्या से परेशान थे। बीते पांच दिनों से नेत्र विभाग की ओपीडी में अचानक से मरीजों की संख्या में वृद्धि हुई है। नेत्र रोग सर्जन डॉ. पीके सिंह ने बताया कि इन दिनों सरसों की कटाई-मड़ाई हो रही है। इससे उड़ने वाली धूल, मिट्टी, तिनका किसानों की आंख में चली जाती है। तेज धूप के कारण भी आंखें लाल हो जा रही हैं।
इस तरह करें आंखों की देखभाल
- काम करते समय चश्मा पहनें
- मुंह को रुमाल से बांध कर रखें
- आंखों पर ठंडे पानी का बार-बार छींटा मारते रहे
- डॉक्टरों की सलाह से आई ड्रॉप डालें