मोढ़ क्षेत्र के जमुनीपुर अठगवां ग्राम सभा के अंतर्गत मेला की बारी प्रांगण में कच्ची सड़क के किनारे शनिवार देर रात करीब साढ़े नौ बजे एक किशोरी का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई।
लगभग 14 साल उम्र की लड़की की गला रेतकर हत्या की गई थी। सुनसान रास्ते पर झाड़ी के समीप लड़की का शव देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलने पर भदोही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। रात करीब साढ़े दस बजे पुलिस कप्तान रामबदन सिंह भी मौके पर पहुंच गए और पूछताछ की। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं थीं। पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया मगर देर रात तक शिनाख्त नहीं हो सकी थी।