क्षेत्र के यशवंत सिंह का पुरा गांव निवासी एक किशोर 11 हजार वोल्टेज हाईटेंशन तार की चपेट में आने से झुलस गया। उसे पड़री प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया।
यशवंत सिंह का पुरा गांव निवासी संतोष कुमार ने बताया कि पुत्र शनि (14) गांव से टेंट का सामान लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली पर बैठकर घर जा रहा था। जैसे ही वह चेन्दुली गांव के पास पहुंचा कि नीचे लटक रहे 11 हजार वोल्टेज हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री पहुंचाया गया। जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शिव बाबा सिंह ने बताया कि हाईटेंशन तार नीचे लटकने की शिकायत कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवर अभियंता से की गई थी, लेकिन आज तक तार को सही नहीं कराया गया।