वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र से बृहस्पतिवार को करीब शाम चार बजे अपहृत किशोर अंश सिंह (14) अपहर्ताओं के चंगुल से बचकर अपनी जान बचाई। अपहर्ता उसे बुंदेलखंड एक्सप्रेस से लेकर जा रहे थे। ट्रेन के भदोही स्टेशन पर रुकते ही किशोर किसी तरह उतर गया। उसे रोता देख लोगों की सूचना पर भदोही स्टेशन पहुंचे किशोर को अपने संरक्षण में लेकर इसकी सूचना उसके पिता को दी। मौके पर पहुंचे पिता ने पुलिस के साथ बेटे को लेकर घर लौटे। उसे अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार लंका थाना क्षेत्र के कंदवा अवलेशपुर (वाराणसी) निवासी अश्वपाल सिंह का बेटा घर के बाहर था। तभी दो बाइक सवार युवकों ने उसका अपहरण कर लिया था। अपहरणकर्ता उसे कोई नशीला पदार्थ सुंघा कर अचेत कर वाराणसी-ग्वालियर बुंदेलखंड एक्सप्रेस से कहीं लेकर जा रहे थे। संयोग से किशोर को ट्रेन के अंदर होश आया तो ट्रेन भदोही स्टेशन पर खड़ी थी। वह उनके चंगुल से बच बचाकर भदोही स्टेशन पर उतर गया। जहां उसे रोता देख अन्य रेल यात्रियों ने उसकी मदद की।
जीआरपी चौकी प्रभारी एसके सिंह ने किशोर से आवश्यक जानकारी प्राप्त कर उसके परिजनों को सूचना दी गई। जिसके बाद देर शाम अंश के पिता अश्वपाल सिंह भदोही पहुंचे। पिता ने बताया कि अंश सायं 4 बजे से ही लापता है। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला तो घर वालों ने परेशान होकर डायल-112 को सूचित किया। शाम होते होते उसके भदोही में मिलने की जानकारी हुई तो राहत हुई। उधर अंश ने बताया कि दो बाइक सवारों ने उसका मुंह दबाकर उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया था। इसके बाद उसे होश नहीं रहा था। जब होश आया तो खुद को ट्रेन में पाया और ट्रेन भदोही स्टेशन पर खड़ी थी।