औराई थाना क्षेत्र के घोसिया चौराहे के समीप सोमवार की रात आठ बजे बोलोरो के चपेट में आकर बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में हंडिया निवासी शिक्षक रत्नेश सरोज के औराई सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल भोलानाथ सरोज को गंभीर हाल में जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया है।
जानकारी मिली है कि औराई के गोडीवीर निवासी भोलानाथ सरोज अपने रिश्तेदार हंडिया के फूलपुर निवासी रत्नेश सरोज जो इंटर कालेज में शिक्षक हैं को लेकर अपनी पैशन बाइक से घोसिया चौराहे से खरीदारी कर वापस लौट रहे थे। रात्रि जब वे घोसिया चौराहे से गुजर रहे थे कि पीछे से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को अपने चपेट में ले लिया जिससे दोनो बुरी तरह लहुलुहान होकर सड़क पर दूर जा गिरे। इस बीच लोगों ने बताया कि उनकी बाइक बोलेरो में फंस गई और काफी दूर तक चली गई जो आगे चल कर पेड़ से जा टकराई। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने किसी तरह दोनो घायलों को राजकीय एंबुलेंस की मदद से औराई सीएचसी भेजवाया जहां शिक्षक रत्नेश को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस ने बोलेरो को अपने कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। पुलिस से सूचना पाकर घायल व मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे।