ज्ञानपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को डीएम शैलेष कुमार और एसपी अभिनव त्यागी ने संयुक्त रूप से जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक की। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के लिए चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि शासन स्तर से सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम 50 प्रतिशत कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित है। लक्ष्य प्राप्त करने के लिए जनपदस्तर से कार्य योजना बनाई जाए। कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है। इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। बिना नंबर प्लेट के चल रहे वाहनों और गलत नंबर प्लेट लगाकर चल रहे वाहनों पर कार्रवाई करें। इसके लिए सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला खनन अधिकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित करके विशेष अभियान चला कर कार्रवाई करें। सड़क दुर्घटनाओं के लिए चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स की भी समीक्षा की गई। ब्लैक स्पॉट वाले स्थानों पर अधिकारी जाएं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाएं, यदि सड़क की बनावट, संकेतक, प्रकाश व्यवस्था, अवैध कट, अतिक्रमण या अन्य कारणों से दुर्घटनाएं हो रही हैं, तो उसे तत्काल सुधारा जाए। दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को शासन की ओर से 25 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।