कोतवाली क्षेत्र के विश्वकर्मा मंदिर पिपरिस में सोमवार की देर रात एक गर्भवती महिला की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विवाहिता की मौत विषाक्त पदार्थ के सेवन से हुई है। पुलिस पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव के ओमप्रकाश यादव की पत्नी प्रीती यादव (28) की सोमवार की रात घर में ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता के पति के अनुसार विषाक्त पदार्थ खाने से उसकी तबियत बिगड़ने लगी। इसकी जानकारी जब उन लोगों को हुई तो उन्होंने तत्काल उसे लेकर इंदिरा मिल चौराहे स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। जहां ले जाते समय रास्ते में ही विवाहिता ने दम तोड़ दिया। दूसरी तरफ विवाहिता की मौत की जानकारी होते ही ज्ञानपुर के भिदिउरा से मायके वाले भी पिपरिस पहुंच गए। पहले तो उन्होंने बेटी की मौत के लिए ससुराल वालों पर दोष मढ़ा, लेकिन बताते हैं कि परिवार और समाज के बड़े बुजुर्गों के हस्तक्षेप के बाद वे शांत हो गए। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक अजय सेठ ने कहा कि मायके वालों ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की है। पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।