भदोही। कोतवाली अंतर्गत नगर के स्टेशन रोड स्थित एक मकान में किराए पर रहने डेयरी संचालक की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। मूल रूप से नेवढ़िया (जौनपुर) निवासी सुरेश कुमार यादव (25) का शव दुकान में फंदे से लटकता हुआ मिला। शाम को घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक सुरेश कुमार यादव ने एक माह पूर्व दूध बेचने के लिए बसंत चंदानी के मकान में किराए का कमरा लिया था। जबकि नगर के चौरी रोड पर किराए का मकान लेकर परिवार सहित रहता था। सायं 5.30 बजे एक ग्राहक दुकान पर पहुंचा तो सुरेश को न पाकर मकान मालिक से उसके बारे में पूछा। इस पर मकान मालिक ने अंदर दुकान में ही पीछे जाकर देखा तो गले में फंदा लगा उसका शरीर छत के गार्डर से लटक रहा था। मकान मालिक की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। लोगों ने बताया कि चौरी रोड किराए के आवास पर उसकी पत्नी रहती है। उसकी एक बेटी भी है। कोतवाल सदानंद सिंह ने बताया कि मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। अभी मृतक के घर वालों को बुलवाया गया है। उनके आने के बाद उनसे आवश्यक जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।