ज्ञानपुर। जिले में बाढ़ प्रभावित गांवों में फसलों के नुकसान का सर्वे शुरू हो गया है। इसके लिए तीन सदस्यीय टीम लगाई गई है। इसमें एडीओ कृषि, लेखपाल और बीमा कंपनी का एक प्रतिनिधि शामिल है। सोमवार तक सर्वे रिपोर्ट आने पर प्रभावित फसलों की असली तस्वीर सामने आ जाएगी।
मूसलाधार बारिश के कारण जिले में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार कर गया है। पिछले दो दिनों से जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई लेकिन डीघ, औराई ब्लॉक की 30 से अधिक ग्राम पंचायतों में गंगा का पानी पहुंच गया। इससे धान, बाजरा, तिलहन समेत करीब डेढ़ हजार बीघे फसल पानी में डूब गई। जलस्तर कम होने के बाद पता चला रहा है कि फसलें पीली हो गई हैं या सड़ चुकी हैं। किसानों को राहत दिलाने के लिए अब इटहरा, धनतुलसी, तलवां, मनीपुर, द्वारिकापुर, खमरिया संग अन्य गांव में फसलों के नुकसान का सर्वे शुरू हो गया है। जिला कृषि अधिकारी ईरम मिर्जा ने बताया कि नुकसान का सर्वे करने के लिए तीन सदस्यीय टीम लगाई गई है। टीम क्षेत्र में भ्रमण कर नुकसान का आकलन कर रही है। सोमवार तक रिपोर्ट आ जाएगी, जिसके बाद किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा।