जिले के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। बुधवार को अधिकतम तापमान में मामूली सी कमी आई है। लेकिन तेज धूप होने से सफर के दौरान राहगीरों को परेशानी हुई। शाम के समय आसमान में बादल दिखे और ठंडी हवाएं चली। गर्मी से राहत मिली। वहीं मौसम विभाग का अनुमान है कि तीन मई तक आंधी के साथ बूंदाबांदी के आसार बन सकते हैं।
जनपद में बीते चार दिनों से मौसम बदला है। दिन में तेज धूप हो रही है। वहीं रात में ठंडी हवा चल रही है। इससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिलती है। लेकिन दिन में तेज धूप होने से परेशानी बढ़ जाती है। मंगलवार के मुकाबले बुधवार को अधिकतम पारे में मामूली सी कमी आई है। जबकि न्यूनतम पारा स्थिर है। तेज धूप होने से सफर के दौरान राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी।
हालांकि यह मौसम सेहत के लिहाज से नुकसान देह है। क्योंकि रात में नमी का वातावरण है और दिन में मौसम तल्ख है। कृषि विज्ञान केंद्र बेजवां के मौसम विशेषज्ञ सर्वेश बरनवाल ने बताया कि बुधवार को दिन का तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि रात का तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा। 17 किमी प्रति घंटे के रफ्तार से पुरवा हवा चली। बताया कि तीन मई तक तापमान सामान्य रहेगा। साथ ही हल्के बादल दिखेंगे। तेज हवा चलने पर बूंदाबांदी हो सकती है। ऐसे में किसान सतर्क रहे।