ज्ञानपुर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी कन्या सुमंगला योजना का शुक्रवार को काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रभारी मंत्री जय प्रकाश निषाद ने आगाज किया। योजना में 500 बेटियों के अभिभावक और 80 बेटियों को प्रमाणपत्र दिया गया। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में टॉप टेन आने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। योजना को बेटियों के लिए वरदान कहा गया।
सूबे के राज्य मंत्री पशुधन, मत्स्य एवं दुग्ध विकास और प्रभारी मंत्री जेपी निषाद ने कहा कि प्रदेश में समान लिंगानुपात स्थापित करने, कन्या भ्रूण हत्या रोकने, बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं शिक्षा को सुदृढ़ करने में यह योजना मील का पत्थर साबित होगी। एक अप्रैल से लागू योजना में बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक अलग-अलग चरण में 15 हजार मिलेगा। सांसद रमेश बिंद ने कहा कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से पीछे नहीं हैं। हमें जरूरत इस बात की है कि बिना भेदभाव के बेटों के समान दर्जा देते हुए बेटियों को भी शिक्षित बनाएं। इससे निश्चित ही बेटियां आगे बढेंगी और एक नहीं दो-दो घरों में शिक्षा का उजियारा फैलाएंगी। ज्ञानपुर विधायक विजय मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से शुरू की गई योजना ऐतिहासिक है। सभी को मिलकर योजना को सफल बनाना चाहिए। भदोही विधायक रविंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि देश और समाज के विकास में शिक्षा की अहम भूमिका है। बेटों के साथ ही बेटियों को शिक्षित करें। डीएम राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के उत्थान के लिए संकल्पित है। बेटियों के माता-पिता को जो धनराशि दी जा रही है, इससे निश्चित ही उनके जीवन स्तर में बदलाव आएगा। इसी तरह जिला पंचायत अध्यक्ष काजल यादव, जिलाध्यक्ष हौसिला पाठक ने भी योजना पर प्रकाश डाला। मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सीडीओ विवेक त्रिपाठी ने आभार जताया। संचालन राकेश कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर महिला आयोग की सदस्य अनीता सिंह, एसपी रामबदन सिंह, बीएसए अमित कुमार, डीआईओएस अशोक चौरसिया, प्रभारी प्रोबेशन अधिकारी महेंद्र यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजीव कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञानपुर केडी पांडेय, नागेंद्र सिंह, राजितराम यादव, पंकज बिंद, विनय कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।