मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में जिले की कुल 1003 बेटियों के आवेदन स्वीकृत हो गए हैं। पहली से लेकर छठवीं श्रेणी तक शामिल बेटियों के खाते में जल्द ही सहायता राशि आएगी। इसके लिए प्रशासन ने शासन को स्वीकृति पत्र भेज दिया है। 2019 से शुरू योजना में अब तक आठ हजार बेटियों को योजना का लाभ मिल चुका है। मिशन शक्ति और पढ़े बेटियां- बढ़े बेटियां योजना को धार देने के लिए वर्ष 2019 में प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की शुरूआत की। इसमें दो लाख तक आय वाले किसी भी परिवार में बेटियों के जन्म से लेकर पढ़ाई तक सरकार की ओर से पात्र लाभार्थियों को छह किस्तों में 15000 रुपये का लाभ दिया जाना है। वर्ष 2019 से लेकर अब तक जिला प्रोबेशन विभाग आठ हजार बेटियों को अलग-अलग श्रेणियों में लाभ दिया जा चुका है। जिस पर एक करोड़ 42 लाख खर्च हो चुके हैं। कोरोना की दूसरी लहर के बाद 1003 बेटियों के आवेदनों का सत्यापन होने पर जिलाधिकारी ने सहायता राशि भेजने के लिए संस्तुति कर पत्र शासन को भेज दिया। इस संबंध में जिला प्रोबेशन अधिकारी महेंद्र कुमार यादव ने कहा कि योजना में 1003 बेटियों के आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं। जल्द ही उनके खाते में सहायता राशि पहुंच जाएगी।