ज्ञानपुर। भदोही विधायक जाहिद बेग के आवास पर तीसरी मंजिल के कमरे में आत्महत्या करने वाली युवती ने कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा है। युवती के इस कदम को लेकर पुलिस, विधायक और परिजनों की ओर से कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। लेकिन युवती के कमरे से मिला सुसाइड सिंबल कई सवाल खड़े कर रहा है।
भदोही विधायक के आवास की तीसरी मंजिल पर स्थित जिस कमरे में नाजिया ने फंदे पर झूलकर आत्महत्या की। उसकी ऊंचाई केवल साढ़े सात से आठ फीट है। कमरे में रखी सफेद रंग की कुर्सी के सहारे युवती ने पंखे की कुंडी पर दुपट्टे से फंदा बनाया और झूल गई।
पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, लेकिन कमरे इंट्री करते ही ठीक सामने की दीवार पर दिल के दो सिंबल बनाए गए थे। एक दिल के सिंबल पर एन (N) लिखा गया था। वहीं दूसरा दिल का सिंबल खाली था। इसके अलावा दोनों दिल के सिंबल के पास गुलाब का फूल भी बनाया गया था। आत्महत्या करने वाले कमरे की दीवार पर बने इस सिंबल को ''''सुसाइड सिंबल'''' माना जा रहा है। हालांकि पुलिस या परिजनों की ओर से आत्महत्या जैसे कदम को उठाने को लेकर कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया।