थानीपुर में सोमवार को ज्ञानपुर-गोपीगंज मार्ग पर बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों के घायल होने से नाराज ग्रामीणों ने ब्रेकर बनवाने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी। सूचना पाकर पहुंचे गोपीगंज एसओ आरएन उपाध्याय ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर जाम समाप्त कराया। साथ ही घायलों को अस्पताल भर्ती कराया।
सुरियावां थानाक्षेत्र के गजधरा निवासी मुकुंद लाल (50) और डेरवा भवानीपुर निवासी दिनेश यादव (27) सोमवार की सुबह साढ़े दस बजे करीब बाइक से गोपीगंज जा रहे थे।
इस दौरान सामने से तेज गति से आ रही बोलेरो ने दोनों बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए निकल गई। अकस्मात घटी घटना के बाद ग्रामीणों ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।
नाराज ग्रामीणों ने बोलेरो को पकड़ने की मांग को लेकर सड़क ही जाम कर दिया। सूचना पाकर मौके पर एसओ पहुंच गए। घायलों को सीएचसी भेजने के बाद ग्रामीणों को हर संभव कार्र वाई करने का आश्वासन देकर जाम समाप्त करा दिया।