गोपीगंज/जंगीगंज/दुर्गागंज। जिले के अलग-अलग ब्लॉक के खेल मैदान में शनिवार को 24वीं ब्लॉक स्तरीय खेलकूद का आयोजन किया गया। इसमें प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन कर वाहवाही लूटी। अंत में उन्हें पुरस्कृत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
औराई ब्लॉक के ककराही खेल के मैदान में मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान ककराही रविंद्र यादव और खंड शिक्षा अधिकारी आशीष मिश्रा ने मां सरस्वती के चित्र के सामने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। छात्राओं ने सरस्वती गीत और स्वागत गीत गाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। खेलकूद में 17 न्याय पंचायत के 184 परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। इसमें 100 और 200 मीटर का दौड़, खो खो, कबड्डी, गोला फेंक, सांस्कृतिक कार्यक्रम समेत खेल कूद रहे। इस मौके पर नरेंद्र कुमार मिश्रा, शैलेंद्र पाठक, दिलीप शुक्ला, राम लाल, लालजी शुक्ला, पुष्पा अग्रवाल, नवीन मिश्रा आदि रहे।
जंगीगंज संवाददाता के अनुसार, डीघ के बेलहुआं खेल मैदान पर ब्लॉक स्तरीय खेलकूद का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी फराह रईस की देखरेख में हुआ। इसमें न्याय पंचायत स्तर पर अव्वल आने वाले खिलाड़ियों ने भाग लिया। 100 मीटर दौड़ बालक में अमरेश प्रथम, श्याम द्वितीय और अंकित तृतीय रहे। बालिका में काजल वर्मा प्रथम, मौसमी गुप्ता द्वितीय और सोनी चौबे तृतीय रहीं। गोला प्रक्षेप बालक में दिनेश चौहान, रोबिन सरोज और विकास नारायण प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे। लोकनृत्य में अंशिका, प्रिया, शिवांगी, पल्लवी, भिवानी, खुशी, प्रज्ञा और अंशिका पांडेय प्रथम रहीं। इस मौके पर मनीष पांडेय, भूपेंद्र सिंह, सूर्यकांत आदि रहे।
अभोली ब्लॉक के कंपोजिट विद्यालय भंडा में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने किया। कंपोजिट स्कूल भंडा ने पीटी और सांस्कृतिक कार्यक्रम में बाजी मारी। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेलकूद से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। इस मौके पर अंजनी शुक्ला, राजेंद्र पाल, परमेंद्र बहादुर सिंह, पूर्णमासी, बीईओ वेद प्रकाश यादव भूपेंद्र कुमार यादव, अनुरेश त्रिपाठी, बृजेश कुमार, शिवपूजन आदि रहे।
सुरियावां ब्लॉक के सनाथपुर में खंड शिक्षा अधिकारी सुमन केसरवानी ने खेलकूद का आगाज किया। मार्च पास्ट की सलामी के बाद लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी, गोला फेंक, डिस्कस थ्रो संग दौड़ में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इस मौके पर राजीव रतन यादव, देवेंद्र कुमार मिश्र, वेद प्रकाश, राजेश कुमार, विजय सिंह, अखिलेश कुमार, रमाशंकर यादव, विनय पांडेय आदि रहे।