ज्ञानपुर। विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में सोमवार को पूर्वदशम और दशमोत्तर कक्षाओं की छात्रवृत्ति को लेकर प्रधानाचार्यों की बैठक हुई। इसमें छात्रवृत्ति से जुड़े अभिलेख को समय से भरने और जमा करने का निर्देश दिया गया।
मुख्य विकास अधिकारी भानुप्रताप सिंह ने कहा है कि छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के लाभ से कोई विद्यार्थी वंचित न होने पाए। गरीब परिवार से जुड़े प्रत्येक छात्र-छात्राओं को लाभ मिलना चाहिए। ताकि उनकी शिक्षा प्रभावित न हो। उन्होंने सभी माध्यमिक विद्यालयों से लेकर महाविद्यालय और तकनीकी शिक्षण संस्थान के प्राचार्यों को हिदायत दी कि अपने स्कूल की छात्र-छात्राओं का छात्रवृत्ति आवेदन आनलाइन कराकर समयबद्ध ढंग से अन्य सारी प्रक्रिया पूरी कराएं। इसमें किसी तरह की लापरवाही न की जाए। समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र कुमार यादव ने छात्रवृत्ति के लिए आवेदन से लेकर अन्य प्रक्रिया को पूरी करने के लिए तय तिथियों की जानकारी दी। कहा कि समय से सारी प्रक्रिया पूरी कराएं। साथ ही छात्र-छात्राओं के आवेदन की अच्छी तरह से जांच की जाए, जिससे कोई कमी न रहने पाए। बैठक में पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अजय कुमार सिंह, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रमेशचंद, प्रधानाचार्य विजय सिंह यादव, इंद्रमणि मिश्र, डॉ. जयसिंह यादव, नीरज त्रिपाठी आदि रहे।