कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते बीएड और डीएलएड के अभ्यर्थी।
- फोटो : BHADOHI
ज्ञानपुर। बीटीसी-डीएलएड संयुक्त मोर्चा संघ के बैनर तले छात्र-छात्राओं ने शनिवार को धरना-प्रदर्शन कर मांगपत्र डीएम को सौंपा। कहा कि हम सभी डीएलएड वर्ष 2017-18 बैच के प्रशिक्षु हैं। तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा मार्च में होनी थी। वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण को देखते हुए परीक्षाओं पर रोक लगा दी गई और दो वर्षीय प्रशिक्षण का समय जुलाई माह में पूरा होने पर भी अब तक दो सेमेस्टर की परीक्षाएं नहीं कराई जा रही हैं।
महामारी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने परीक्षा से वंचित प्रशिक्षुओं को प्रोन्नति देने की घोषणा की गई, लेकिन शिक्षा विभाग तरह-तरह की विसंगतियां बताकर न प्रोन्नति दे रहा है न परीक्षा की तिथि घोषित की जा रही है। छात्र-छात्राओं के भविष्य को देखते हुए जिला प्रशासन उचित निर्णय ले। मांगों में परीक्षा से वंचित प्रशिक्षुओं को प्रोन्नति के लिए पहल की जाय, बैक और छूटे सेमेस्टर की परीक्षाएं कराई जाएं, संविधान का हनन रोका जाय। प्रदर्शन करने वालों में शिवम तिवारी, ज्योति दुबे, दीपक कुमार सरोज, अनिकेत सरोज, शिवम यादव, पूजा भारतीय, एकता यादव, नीलम यादव, प्रिया सिंह, पूजा सरोज, शिवम, गौरव आदि रहे।