ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के लिए चुनाव प्रचार बुधवार को थम गया। प्रचार के अंतिम दिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने पूरी ताकत झोंक दी। नगर की सड़कों से लेकर गांव गिरांव तक टेंपो हाई किया गया। दक्षता भाषण में छात्रों ने जमकर अपनी बात रखी। इस दौरान मतदाता छात्र-छात्राओं को रिझाने का प्रयास किया गया।
केएनपीजी कॉलेज का छात्रसंघ का चुनाव 27 सितंबर को कड़ी सुरक्षा के बीच 15 बूथों पर कराया जाएगा। इसमें अध्यक्ष पद के लिए सात, महामंत्री-छह, उपाध्यक्ष के चार सहित कुल 27 प्रत्याशियों ने नामांकन कर ताल ठोंकी है। विभिन्न संकायों के लिए दो-दो प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। तीन दिन पहले से महाविद्यालय प्रशासन ने डीएम-एसपी को पत्रक भेज कर सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है, जिस पर अधिकारियों ने चुनाव को सकुशल और शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए आश्वस्त भी कर दिया है। नामांकन पत्र से लेकर वापसी तक पुलिस प्रशासन महाविद्यालय के अंदर और बाहर जवानों की तैनाती में कमी नहीं छोड़ी है।
पूर्व दिग्गजों ने संभाली कमान
ज्ञानपुर। आनन-फानन में घोषित छात्रसंघ चुनाव को लेकर बढ़ी सरगर्मी के बीच छात्रनेताओं ने पूर्व छात्रनेताओं की टीम ने भी अपने-अपने प्रत्याशियों को जिताने के लिए गुणा गणित तेज कर दी है। बुधवार को प्रचार का अंतिम दिन होने के कारण जनपद के कोने-कोने में छात्र उम्मीदवार अपने जनसमूह के साथ वाहन, बाइक जुलूस निकाल कर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए जुगत भिड़तो रहे। भदोही नगर, औराई, डीघ के कोइरौना, धनतुलसी, कटरा बाजार, जंगीगंज बाजार, सुरियावां नगर, दुर्गागंज, अभोली, दानूपुर, नईबाजार, घोसिया-माधोसिंह तक सड़कें चुनावी बैनर-पोस्टर से पटी रहीं। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष शशांक तिवारी और स्वर्ण भारत पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष के संयुक्त नेतृत्व में अध्यक्ष प्रत्याशी वैभव मिश्रा, महामंत्री पद के लिए दीपक कुमार दुबे, पुस्तकालय मंत्री अनुज कुमार रोड शो करते हुए मतदाताओं को रिझाया। इसी तरह अध्यक्ष प्रत्याशी लवकुश यादव, रजत शुक्ला, शिवम तिवारी आदि प्रत्याशियों का भी जुलूस निकला।
आज और कल नहीं होगा पठन-पाठन
ज्ञानपुर। काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महा विद्यालय में 26 और 27 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव की तैयारियों को देखते हुए पठन-पाठन नहीं होगा। जानकारी देते हुए प्राचार्य पीएन डोंगरे ने बताया कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ही शिक्षण कार्य बहाल हो सकेगा।
आज डो-टू-डोर दस्तक देंगे उम्मीवार
ज्ञानपुर। बुधवार को छात्रसंघ चुनाव का अंतिम होने पर चुनाव प्रचार तो थम गया, लेकिन शेष बचे एक दिन बृहस्पतिवार को उम्मीदवार डोर-टू-डोर छात्र मतदाताओं के यहा दस्तक देकर चुनाव अपने पक्ष में लाने का हरसंभव प्रयास करेंगे। देर रात्रि तक भी चुनावी सरगर्मी छाई रहेगी। दूसरी ओर चुनाव के अंतिम पड़ाव को देखते हुये भी दिग्गज भी उम्मीदवारों के पक्ष में ताकत झोंकने में कमी नहीं रखेंगे।