वहिदानगर। बुधवार को ब्लॉक मुख्यालय डीघ पहुंचे नारेपार उपरवार गांव की दलित बस्ती निवासी सैकड़ों लाभार्थियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ न मिलने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र मौर्या को पत्रक सौंप कर हैंडपंप और आवास दिलाने की मांग की।
बड़ी संख्या में ब्लॉक मुख्यालय पहुंचीं महिला लाभार्थियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि उनकी बस्ती काफी बड़ी है। करीब 25-30परिवारों की आबादी निवास करती है। केवल एक हैंडपंप लगा है वह भी गन्दा पानी दे रहा है। कई बार रिबोर कराने के लिए कहा गया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। ग्रामीणों ने मौखिक रूप से रिबोर के लिए ग्राम प्रधान पर धन मांगने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि सभी परिवार कच्चे घर और झोपड़ी में रह रहे हैं किंतु आवास योजना का लाभ नहीं दिया जा रहा है। कुछ महिलाओं ने विधवा और वृद्धावस्था पेंशन योजना का भी लाभ न दिए जाने का आरोप लगाया। पत्रक देकर आवास हैंडपंप शौचालय और एकीकृत पेंशन योजना का लाभ दिलाने की मांग की। कहा कि कच्चे मकानों और झोपड़ी में रहने वाले समस्त परिवारों को आवास देने का प्राविधान है। किंतु दलित बस्ती के पात्र गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। वहीं उपेक्षा से क्षुब्ध ग्रामीणों ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर समस्याओं का निदान नहीं हुआ तो हम लोग जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगें। प्रदर्शन करने वालों में प्रमुख रूप से दर्शना देवी, शर्मिला, रीता, महेंद्र ,सुधा, बलवंती, फूल कुमारी, होलिका देवी, जीरा, बिटोला, टिकोरा देवी, सुरेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।