ज्ञानपुर।दीपावली पर सुरक्षा की तैयारी का जायजा लेने सोमवार को डीआईजी विंध्याचल मंडल रतन कुमार श्रीवास्तव जिले में पहुंचे। पुलिस लाइन सभागार में कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया। त्योहारों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ ही अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के लिए कहा।
डीआईजी ने थानाध्यक्षों से कहा कि उनके क्षेत्र में जो घटनाएं पूर्व में घट चुकी हैं, उनका त्वरित गति से खुलासा करें। त्योहारों के मद्देनजर बाजारों, रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों, विद्यालयों, कॉलेजों आदि प्रमुख स्थानों पर चेकिंग करें।
दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टि से पटाखे निर्धारित चिन्हित स्थानों पर बेचने के लिए कहा। भैया दूज पर महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा के लिए सड़कों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिस की ड्यूटी लगाने के लिए कहा।
उन्होंने थानाध्यक्षों से कहा कि पुलिस मित्रों, चौकीदार और सभ्रांत लोगों से संपर्क में रहकर छोटी-छोटी घटनाओं पर नजर रखें। सामान्य घटनाओं पर भी ध्यान देते हुए उसका निस्तारण करें, जिससे भविष्य में बड़ी घटना न हो सके। इस मौके पर एसपी डीपीएन पांडेय, एएसपी जियालाल यादव, सीओ ज्ञानपुर श्यामशंकर पांडेय, सीओ भदोही परमहंस मिश्र, सीओ औराई सुशील सिंह के अलावा सभी थानाध्यक्ष मौजूद रहे।