जिले में बुधवार की भोर में आई आंधी-तूफान ने जमकर तबाही मचाई है। चक्रवात की तरह आई आंधी के दौरान जिले में सैकड़ों पेड़ गिर गए। तूफान में गिरे पेड़ से दबकर सुरियावां क्षेत्र के भिखमापुर में महिला, पाली भिड़िउरा में अधेड़ और सागरपुर में युवक की मौत हो गई। इसके अलावा दो किशोरों समेत दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। बुधवार को भोर में करीब साढ़े चार बजे आंधी-तूफान के दौरान घर से बाहर सोए लोग परेशान हो गए थे। कच्चे घरों वाले और बगीचों में रहने वालों में अफरातफरी मच गई।
अभोली संवाददाता के अनुसार, सुरियावां थानाक्षेत्र के भिखमापुर गांव में आंधी-तूफान के दौरान शौच के निकली महिला शिवकुमारी देवी (40) पत्नी रामराज बिंद लौटते समय नीम के पेड़ की डाल उस पर आ गिरी। इससे उस की दबकर मौत पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर सुरियावां थानाध्यक्ष औरंगजेब खां पहुंच गए। उन्होंने शव पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अभोली बाजार में आंधी तूफान से तीन विद्युत पोल उखड़ गए, दो दर्जन दूकानों और रिहायशी मकानों के टीन
शेड उड़ गए। वहीं इलाके के गुआली में करीब दो दर्जन आम, महुआ, नीम आदि के दो दर्जन पेड़ गिरे हैं। इसी तरह सुरियावां थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव में आंधी के दौ रान पेड़ गिरने से जटाशंकर बिंद (45) की मौत हो गई। पुलिस ने शव पंचनामा करके पोस्टमार्टम भेज दिया। इसी तरह सुरियावां थानाक्षेत्र के पाली भिड़िउरा गांव में आंधी के दौरान पेड़ गिरने से शौच के लिए जा रहे रामराज पांडेय (60) की मौत हो गई। इससे गांव में शोक व्याप्त हो गया। पुलिस ने शव पंचनामा कर पोस्टमार्टम भेज दिया है। गोपीगंज संवाददाता के अनुसार, थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर गांव में आंधी-तूफान में नीम का पेड़ गिरने से किशोरी गंगा कुमारी (15) पुत्री कैलाशनाथ घायल हो गई। जबकि थाना क्षेत्र के चकसहाब गांव में पेड़ का डाल गिरने से अमन (15) चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज में भर्ती कराया गया। इसी तरह थाना क्षेत्र के सराय जगदीश गांव में आंधी-तूफान के चलते पूर्व प्रधान छेदी शाह के मकान का छत ढह गया। छत ढहकर पड़ोसी के मकान पर जा गिरा। इससे महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। छत गिरने से पड़ोसी फिरोज का मकान ध्वस्त होने से करीब डेढ़ लाख का नुकसान हो गया। घायलों में सलमा बेगम (35) पत्नी फिरोज, मोहर्रम (18), तौफीक (12) पुत्रगण फिरोज शामिल है। जंगीगंज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताते हैं कि मकान गिरने की जानकारी होने पर आस-पास वाले पहुंच गए। अन्यथा हादसे से इंकार नहीं किया सकता था। ग्रामीणों ने नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। बाबूसराय संवाददाता के अनुसार, बाजार में तीन स्थानों पर घर के सामने लगे टीनशेड उखड़ गए और आधा दर्ज न पुराने विशालकाय पेड़ धराशायी हो गए। हालांकि कुछ लोगों को आंशिक चोट भी आई है, लेकिन मामला अधिक गंभीर नहीं हुआ था।