ज्ञानपुर। जिलाधिकारी आर्यका अखौरी की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पोषण समिति की बैठक हुई। इसमें पोषण ट्रैकर स्टेटस माह के अंत तक 85 फीसदी से कम होने पर संबंधित ब्लॉक के अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन-मानदेय रोकने का निर्देश सीएमओ, डीपीओ को दिया। उन्होंने एनआरसी केंद्रों पर भर्ती महिलाओं को दोनों टाइम के भोजन के अलावा कुछ स्नैक्स लाई-चना, बिस्किट, ब्रेड चाय, देने पर बल दिया। आंगनबाड़ी भवन निर्माण स्थिति, मैटेरनल, बाल वाटिका, एनिमिया मुक्त भारत आदि की समीक्षा किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के निरीक्षण में आंगनबाड़ी केंद्रों की हालत ठीक नहीं मिल रही है। ऐसे केंद्रों में सुधार लाएं अन्यथा कार्रवाई तय करें। कुछ ब्लॉकों में सिरप और टैबलेट न होने की शिकायत पर डीएम ने नाराजगी जताई। सीएमओ को निर्देश दिया कि जांच कर दवाओं की व्यवस्था करें। स्वच्छ एवं पोषण दिवस पर गर्भवती महिलाओं और किशोरी बालिकाओं को आयरन फोलिक एसिड की गोली एवं अन्य दवाएं उपलब्ध कराने के लिए कहा। सैम और मैम बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने का निर्देश दिया। आशाओं के होम विजिट की प्रगति कम होने पर सुधार के लिए कहा। इस मौके पर सीडीओ भानु प्रताप सिंह, सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक, बीएसए भूपेंद्र नारायण सिंह, डीएसओ सीमा सिंह, और डीपीओ मंजू वर्मा आदि मौजूद रहे। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें मंत्री समूह के भ्रमण को लेकर कार्ययोजना तैयार रखने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जो परियोजनाएं लंबित हैं उसका निरीक्षण कर देखें। जलजीवन मिशन, पशु आश्रय स्थल, अमृत सरोवर संग अन्य रिपोर्ट तैयार कर लें।