गोपीगंज। रेलवे पुलिस रामबाग मंगलवार को ज्ञानपुर रोड, माधोसिंह स्टेशन, जंगीगंज, सरायजगदीश, अतरौरा और अलमऊ हाल्ट के गांवों में निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने पत्थरबाजी करने वालों की तलाश की, हालांकि ऐसा कोई नहीं मिल सका। टीम ने गांवों के स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को जागरूक किया। बताया कि पत्थरबाजी एक गंभीर अपराध है। इसमें पकड़े जाने पर रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई होगी।
प्रभारी निरीक्षक रामबाग मुकेश यादव ने बताया कि उत्तर रेलवे की प्रमुख वंदेभारत का रुट पूर्वोत्तर रेलवे के माधोसिंह-रामबाग निर्धारित है। ट्रेन प्रतिदिन दोपहर के समय दिल्ली से वाराणसी पहुंचती है। सायंकाल पुन: दिल्ली के लिए रवाना होती है। ट्रेन परिचालन के दौरान आए दिन हो रही पत्थरबाजी से रेल संपत्ति को भारी नुकसान होने के साथ यात्री भी घायल हो रहे हैं। इसे रोकने के लिए रेलवे पुलिस गांवों में लोगों को जागरूक कर रही है। कहा कि युवा जागरूक होंगे तो वे अन्य लोगों को भी जागरूक कर सकेंगे। टीम ने अमवामाफी, गोपपुर, माधोरामपुर, पूरेरजई, सोहगी, कौलापुर, प्रयागदासपुर समेत अन्य गांवों में लोगों को जागरूक किया। इस दौरान रामप्रवेश यादव, लालबहादुर यादव सहि त बड़ी संख्या ग्रामीण अभिभावक, शिक्षक उपस्थित रहे।