भदोही। कोतवाली अंतर्गत नगर के रजपुरा बाईपास मार्ग स्थित एक ऑटो शोरूम पर खड़ी तीन पहिया इलेक्ट्रिक ऑटो रिक्शा बीती रात चोरी हो गया। सुबह सात बजे पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इस बीच ऑटो रिक्शा में लगे शेफर्ड टेक्नालाजी की मदद से उसे मिर्जापुर के चील्ह थाना क्षेत्र के नटवा गांव से बरामद कर लिया। पुलिस अब चोर की तलाश कर रही है।
रजपुरा बाईपास मार्ग स्थित ऑटो संचालक विश्वास दूबे ने बताया कि रात में ऑटो रिक्शा चोरी हुआ था। जानकारी होने पर सुबह 7 बजे वे शोरूम पहुंचे और कोतवाली पुलिस को सूचना देने के साथ-साथ वाहन निर्माता कार्यालय को फोन से घटना की पूरी जानकारी दी। इस पर कंपनी ने बताया कि वाहन शेफर्ड टेक्नाेलाॅजी से सुसज्जित है। इससे घर बैठे ही वाहन की इंजन सीज की जा सकती है। इतना ही नहीं वाहन इंजन को सीज कर कंपनी अधिकारियों ने उसकी लोकेशन भी नटवा (मिर्जापुर) बताया। इस बीच लोग नटवा ग्राम पहुंचे तो ऑटो रिक्शा सड़क पर खड़ा मिला। जिसे मिर्जापुर और भदोही पुलिस को सूचित कर वापस लाया गया। प्रभारी निरीक्षक सचिदानंद पांडेय ने बताया कि वाहन सीज होने के बाद चोर सड़क पर वाहन छोड़ कर भाग गया। जिसकी तलाश की जा रही है।